




25 फरवरी 2026/ महासमुंद/ विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन का वर्ष 2026 का 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपये का सर्वस्पर्शी और सर्वसमावेशी संकल्प बजट वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी द्वारा प्रस्तुत किए जाने पर नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। राठी ने कहा कि यह बजट किसान, उद्योग, युवा और महिलाओं सहित समाज के हर वर्ग के कल्याण को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और निश्चित ही प्रदेश के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा तथा भाजपा नेताओं के प्रयासों से सिकासेर-कोडार नहर लिंकिंग परियोजना के लिए 3047 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मिली है। साथ ही महानदी पर स्थित सिरपुर में बैराज निर्माण हेतु 690 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी बजट में शामिल की गई है, जो महासमुंद क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। राठी ने कहा कि विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा लगातार क्षेत्र के विकास के लिए सक्रिय रहे हैं, जिसका परिणाम है कि अब तक की सबसे बड़ी विकास स्वीकृतियां क्षेत्र को मिली हैं। इसके लिए सांसद और विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया गया। बजट में युवाओं की उच्च शिक्षा के लिए 35 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं प्रदेश की बेटियों को 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर डेढ़ लाख रुपये देने की घोषणा महिला सशक्तिकरण को नई ताकत देगी। भूमिहीन कृषकों के लिए 600 करोड़ रुपये का प्रावधान भी किया गया है। महासमुंद को नर्सिंग कॉलेज की सौगात देने का प्रावधान किया गया है।इसके अलावा 6 वर्ष तक के बच्चों के लिए 500 आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण हेतु 42 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। मातृशक्ति के सशक्तिकरण के लिए 75 करोड़ रुपये की लागत से 250 महतारी सदन निर्माण की घोषणा भी की गई है। राठी ने विश्वास जताया कि यह बजट वर्ष 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में मजबूत आधार साबित होगा। प्रदेश की जनता में बजट को लेकर उत्साह और खुशी का माहौल है।

