




25 फरवरी 2026/महासमुंद पुलिस की एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं सिंघोडा पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध मादक पदार्थ गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई करते हुए ओडिशा से महाराष्ट्र तक फैले पूरे सप्लाई नेटवर्क को तोड़ने में सफलता हासिल की है। सूचना के आधार पर एनएच-53 स्थित रेहटीखोल में नाकाबंदी कर दो कारों को रोका गया। जांच के दौरान 137 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी बाजार कीमत 68 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई में कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 4 ओडिशा और 4 महाराष्ट्र के निवासी हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि गांजा की खेप ओडिशा के अंगुल जिले से महाराष्ट्र के अकोला जिले तक पहुंचाई जा रही थी। पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त एक टोयोटा कार (MH 01 BK 4102) तथा एक मारुति सुजुकी ईको (OD 19 T 6003) को भी जब्त किया है।
कुल जप्त संपत्ति:
137 किलोग्राम गांजा – 68,50,000/- रुपये
टोयोटा कार – 4,00,000/- रुपये
मारुति सुजुकी ईको – 2,00,000/- रुपये
7 मोबाइल फोन – 27,000/- रुपये
नगद राशि – 11,400/- रुपये
➡️ कुल जुमला जप्ती: 74,88,400/- रुपये
आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(C) एवं 29 के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को सोर्स प्वाइंट, डेस्टिनेशन प्वाइंट और फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जिले में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। यह संपूर्ण कार्रवाई एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं थाना सिंघोड़ा पुलिस टीम द्वारा संयुक्त रूप से की गई।

