




9 अप्रैल 2026/ महासमुंद/ जिले में एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां गिरफ्तारी वारंट तामील करने गई पुलिस टीम पर आरोपी ने हमला कर दिया। इस दौरान एक प्रधान आरक्षक घायल हो गया, जबकि आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना महासमुंद में पदस्थ प्रधान आरक्षक हरीश कंवर, सउनि अश्वनी मारकण्डे के साथ प्रकरण क्रमांक 27/2025 के तहत आरोपी किशोर उर्फ मिथुन चौहान (20 वर्ष), निवासी चरौदा थाना खल्लारी, को गिरफ्तार करने के लिए 8 अप्रैल को दबिश देने पहुंचे थे। पुलिस टीम ने ग्राम कोटवार के साथ आरोपी के सकूनत में दबिश दी, जहां आरोपी पुलिस को देखकर भागने लगा। करीब एक किलोमीटर पीछा करने के बाद चरौदा बांध के नीचे जंगल में सुबह लगभग 11:10 बजे उसे पकड़ लिया गया। पकड़े जाने के दौरान आरोपी ने अपने पास छिपाकर रखे धारदार चाकू को निकाल लिया और अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। उसने पुलिस के शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए प्रधान आरक्षक पर ताबड़तोड़ हमला किया। पहले चेहरे पर वार किया, जिसे आरक्षक ने बचाव कर टाल दिया, इसके बाद पेट और कमर पर भी हमला करने का प्रयास किया। हमले के दौरान प्रधान आरक्षक हरीश कंवर के दोनों हाथों के पंजों और नाक पर चोटें आई हैं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के संबंध में थाना खल्लारी में आरोपी किशोर उर्फ मिथुन चौहान के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 121(1), 132, 109(1), 118(1) एवं 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

