




12 अप्रैल 2026/महिलाओं को लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने के उद्देश्य से लाए गए नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर महासमुंद में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती रुपकुमारी चौधरी ने इस अधिनियम को ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम बताया। प्रेसवार्ता में सांसद श्रीमती रुपकुमारी चौधरी ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा लाया गया यह अधिनियम महिलाओं को राजनीति में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि इससे महिलाएं देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगी।
इस अवसर पर मौजूद सेवानिवृत्त प्राचार्य शशि प्रभा थ्रिटे ने भी इस फैसले की सराहना करते हुए इसे नारी शक्ति के सम्मान और गौरव से जोड़ा। उन्होंने कहा कि इस तरह के निर्णय से महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे समाज के हर क्षेत्र में आगे आएंगी।
गौरतलब है कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लागू करने के लिए 16, 17 और 18 अप्रैल को संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है। यह अधिनियम 15 वर्षों के लिए लागू किया जाएगा, जिससे महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है। देशभर में इस अधिनियम को लेकर चर्चा तेज है और इसे महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

