




12 अप्रैल 2926/महासमुंद जिले में सामाजिक सुरक्षा के उद्देश्य से संचालित पेंशन योजनाएं इन दिनों प्रभावित नजर आ रही हैं। जिले के हजारों हितग्राहियों को पिछले 3 से 4 माह से पेंशन नहीं मिलने के कारण वृद्ध, दिव्यांग और विधवा महिलाएं गंभीर परेशानी का सामना कर रही हैं। हालात ऐसे हैं कि पेंशन के इंतजार में हितग्राही विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत जिले में कुल 6 पेंशन योजनाएं संचालित हैं। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत 33,412 हितग्राही पंजीकृत हैं, जिन्हें प्रति माह 500 रुपये तथा 80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को 650 रुपये मिलते हैं। हालांकि, इन हितग्राहियों को पिछले तीन माह से पेंशन नहीं मिली है। इसी तरह इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना के 966 हितग्राही और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 9,629 हितग्राही भी 3 से 4 माह से पेंशन के लिए इंतजार कर रहे हैं। इस प्रकार इन तीन योजनाओं के कुल 44,007 हितग्राही प्रभावित हैं। हितग्राहियों का कहना है कि पेंशन ही उनकी आजीविका का मुख्य साधन है, जिससे वे अपनी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करते थे, लेकिन भुगतान नहीं होने से अब आर्थिक संकट गहरा गया है।
वहीं समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं और उम्मीद है कि अगले सप्ताह तक हितग्राहियों के खातों में राशि पहुंच जाएगी।
इधर, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कहा कि पेंशन नहीं मिलने की शिकायत अब तक जनदर्शन में सामने नहीं आई थी, लेकिन अब मामले की जानकारी लेकर संबंधित विभाग से रिपोर्ट मंगाकर जल्द निराकरण किया जाएगा।
गौरतलब है कि राज्य सरकार की मुख्यमंत्री पेंशन योजना, सुखद सहारा योजना और सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत भी जिले के 53,869 हितग्राहियों को पिछले दो माह से पेंशन नहीं मिली है। ऐसे में योजनाओं के क्रियान्वयन पर सवाल उठने लगे हैं।अब देखना होगा कि प्रशासन कब तक इन हजारों जरूरतमंद हितग्राहियों को राहत दिला पाता है। फिलहाल, सभी की नजरें जल्द भुगतान की उम्मीद पर टिकी हुई हैं।

