




12 अप्रैल 2026/महासमुंद जिले के पटेवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पचरी में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम पर हमला करने का मामला सामने आया है। इस घटना में थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। पुलिस ने मामले में आरोपियों और उनके परिजनों के खिलाफ बी एन एस कीधार109(1),115(2),121(1),132,190,191(2) ,191(3),221,296,324(3),351(2) में अपराध दर्ज कर दस आरोपियो को गिरफ्तार कर ली है । प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना पटेवा के अपराध क्रमांक 37/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत फरार आरोपी विजय मारकण्डेय और विनोद मारकण्डेय की गिरफ्तारी के लिए थाना सांकरा प्रभारी निरीक्षक उत्तम तिवारी अपनी टीम के साथ पटेवा पहुंचे थे। यहां से विभिन्न थाना और पुलिस इकाइयों के बल के साथ संयुक्त टीम बनाकर ग्राम पचरी में दबिश दी गई। पुलिस टीम ने आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया, लेकिन जैसे ही उन्हें वाहन में बैठाने का प्रयास किया गया, आरोपियों ने विरोध करते हुए पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। साथ ही उन्होंने अपने परिजनों और आसपास के लोगों को उकसाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग लाठी-डंडों, लोहे की छड़ और ईंट-पत्थरों के साथ मौके पर पहुंच गए।भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिसमें थाना प्रभारी उत्तम तिवारी को सिर, गले और सीने में गंभीर चोटें आईं। वहीं कई अन्य पुलिसकर्मी, जिनमें महिला आरक्षक भी शामिल हैं, घायल हो गए। हमले के दौरान पुलिस वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया, जिसमें हाईवे पेट्रोलिंग वाहन का कांच टूट गया। घटना के दौरान आरोपियों के परिजनों ने उन्हें छुड़ाने की कोशिश की और पुलिस कार्रवाई में बाधा उत्पन्न की। हालांकि पुलिस टीम ने किसी तरह स्थिति को संभालते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना पटेवा ले आई। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी विजय मारकण्डेय, विनोद मारकण्डेय सहित उनके परिजनों और अन्य लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, जानलेवा हमला, मारपीट और अन्य सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर दस लोगो को गिरफ्तार कर लिया है और तीन आरोपी अभी फरार है।

